26 अगस्त तक प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति पत्र जारी करने का निर्देश
माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों के छठे चरण की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए 5वीं बार नया शेड्यूल जारी किया गया है। इसके तहत 3 से 26 अगस्त के बीच सभी प्रक्रियाओं को पूरा कर नियोजन पत्र बांट दिया जाएगा। डीपीओ माध्यमिक शिक्षा विजय चंद्र भगत ने बताया कि माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक नियोजन के लिए 4 बार शेड्यूल किसी न किसी वजह से स्थगित कर दिया गया था। नगर निकायों में प्रशासक और जिला परिषद में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारियों की नियुक्ति अब हो चुकी है। इसलिए अब कोई बाधा उत्पन्न होने की गुंजाइश नहीं है। नए शेड्यूल के मुताबिक आपत्तियों का निराकरण कर मेधा सूची 3 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। वहीं, 6 अगस्त को नगर निगम में मूल प्रमाणपत्र का मिलान किया जाएगा।
जबकि नगर परिषद के लिए 8 और नगर पंचायतों में यह काम 10 अगस्त को किया जाएगा। जिला परिषद में 12 अगस्त को अभ्यर्थियों के मूल प्रमाणपत्रों का मिलान किया जाएगा। वहीं, 16 अगस्त को जिला परिषद और शहरी निकाय अंतिम मेधा सूची का अनुमोदन करेंगे। जबकि 18 अगस्त को एनआईसी की वेबसाइट पर विषयवार मेधा सूची को सार्वजनिक किया जाएगा। वहीं, 20 अगस्त को नगर निगम में, 23 अगस्त को जिला परिषद में अंतिम मेधा सूची में चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। 26 अगस्त को नियोजन पत्र जारी किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें