सर्वनाम
सर्वनाम- संज्ञा के बदले अथवा उसके प्रतिनिधि के रूप में जो शब्द प्रयुक्त होता है, उसे सर्वनाम कहते हैं। जैसे—राम परीक्षा में नहीं बैठ सका। वह बीमार था। इस वाक्य में 'वह' संज्ञा (राम) के बदले आया है।वह' सर्वनाम है।
सर्वनाम के भेद- सर्वनाम के छः भेद है-
1. पुरुषवाचक सर्वनाम
2. निज वाचक सर्वनाम
3. निश्चयवाचक सर्वनाम
4. अनिश्चयवाचक सर्वनाम
5. प्रश्नवाचक सर्वनाम तथा
6. सम्बन्धवाचक सर्वनाम |
1. पुरुषवाचक सर्वनाम- जिस सर्वनाम से बोलनेवाला, सुननेवाला या जिसके विषय में कहा जाये उसका ज्ञान हो, उसे पुरुषवाचक सर्वनाम कहते हैं।
जैसे—मैं, तुम, वह आदि।
चूँकि इसमें तीन पक्ष होते हैं। अतः पुरुषवाचक सर्वनाम के भी तीन भेद
(क) उत्तम पुरुष,
(ख) मध्यम पुरुष तथा
(ग) अन्य पुरुष
(क) उत्तम पुरुष-बातचीत या लेख के क्रम में जो बोलता है या लिखता है, उसे उत्तम पुरुष कहते हैं। जैसे- मैं, हम, हमलोग।
(ख) मध्यम पुरुष-जिसे सम्बोधित कर कहा या लिखा जाता है, अर्थात् श्रोता या पाठक, उसे मध्यम पुरुष कहते हैं। जैसे—तुम, आप, तुमलोग आदि ।
(ग) अन्य पुरुष- जिसके बारे में कुछ कहा या लिखा जाये, उसे अन्य पुरुष कहते हैं। जैसे—वह, वे, यह, ये, जो, सो, कौन, कुछ, क्या, कोई आदि ।
2. निजवाचक सर्वनाम- जिस सर्वनाम से अपने आपका या निज का बोध होता है, उसे निजवाचक सर्वनाम कहते हैं। जैसे—मैं अपने घर गया। यहाँ 'अपने' निजवाचक सर्वनाम है।
3. निश्चयवाचक सर्वनाम- जिस सर्वनाम से किसी निश्चित पदार्थ का बोध होता है, उसे निश्चयवाचक सर्वनाम कहते हैं। जैसे—यह घोड़ा खूब दौड़ता है। यहाँ 'यह' निश्चयवाचक सर्वनाम है, क्योंकि इससे किसी निश्चित घोड़े का बोध होता है।
4. अनिश्चयवाचक सर्वनाम- जिस सर्वनाम से किसी निश्चित पदार्थ का बोध नहीं होता, उसे अनिश्चयवाचक सर्वनाम कहते हैं। जैसे- लगता है कोई आ रहा है ? यहाँ 'कोई' अनिश्चयवाचक सर्वनाम है, क्योंकि कोई कहने से ठीक-ठाक पता नहीं चलता कि कौन आ रहा है।
5. प्रश्नवाचक सर्वनाम- जिस सर्वनाम से प्रश्न का बोध होता है, उसे प्रश्नवाचक सर्वनाम कहते हैं। जैसे- तुम कौन हो ? वह क्या कर रहा है ? इन वाक्यों में 'कौन' और 'क्या' प्रश्नवाचक सर्वनाम हैं, क्योंकि इनसे प्रश्न पूछा
जा रहा है।
6. सम्बन्धवाचक सर्वनाम- जिस सर्वनाम से दो संज्ञाओं में परस्पर सम्बन्ध का ज्ञान हो, उसे सम्बन्धवाचक सर्वनाम कहते हैं। जैसे—जो सोता है, वह खोता है। जो चाहो सो ले लो। इन वाक्यों में 'जो,' का सम्बन्ध 'वह' से और दूसरे वाक्य में 'जो' का सम्बन्ध 'सो' से है ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें